रात्रि चौपाल में बोले प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह: पहले एक रुपये में से 15 पैसे पहुंचते थे, अब पूरा पैसा सीधे लाभार्थी के खाते में |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

कमालगंज/फर्रुखाबाद।

जनपद के कमालगंज विकासखंड स्थित बलीपुर गांव में शनिवार देर रात आयोजित रात्रि चौपाल में प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही उनके समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों की योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव और पूरी पारदर्शिता के पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गांव स्तर पर पात्र लाभार्थियों का सत्यापन कर उन्हें सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए।

डीबीटी व्यवस्था से बढ़ी पारदर्शिता

अपने संबोधन में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि एक समय ऐसा था जब केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही वास्तविक लाभार्थी तक पहुंच पाते थे, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू की गई प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था ने पूरी तस्वीर बदल दी है। अब सरकार द्वारा भेजा गया पूरा एक रुपया सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में पहुंच रहा है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है और सरकारी धन की बड़ी बचत भी हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं

प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, आधारभूत संरचना, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और जनहित की योजनाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ही रात्रि चौपाल जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी हुआ आयोजित

रात्रि चौपाल के दौरान सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। मंत्री जयवीर सिंह ने सात गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई तथा पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया। इसके साथ ही 12 वर्ष से अधिक आयु की किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। इस पहल को ग्रामीणों ने सराहा और इसे महिला एवं बाल कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

सरकारी योजनाओं के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र

चौपाल स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल ग्रामीणों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। प्रभारी मंत्री ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और विभिन्न योजनाओं से संबंधित लाभ भी वितरित किए गए। मंत्री ने ग्रामीणों से स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, शिक्षा और ग्राम विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

बलीपुर को योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करने का लक्ष्य

चौपाल में मौजूद जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य बलीपुर गांव को सभी सरकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत संतृप्त करना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव के प्रत्येक पात्र परिवार को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा और ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा।

रात्रि चौपाल में जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम देर रात तक चला, जहां ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे तथा अधिकारियों ने उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *