अमरोहा में विवाहिता की चाकू घोपकर हत्या:दहेज की मांग पर की वारदात, ससुराल वाले फरार, एक साल पहले हुई थी शादी
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा के नौगावां सादात कस्बे में एक विवाहिता की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह उसका शव घर में चारपाई पर लहूलुहान हालत में मिला। मृतका के भाई ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है। इस मामले में विवाहिता के ससुराल पक्ष के लोग फरार बताए जा रहे हैं।
यह घटना नौगावां सादात थाना क्षेत्र के मोहल्ला प्रेम नगर कॉलोनी, नई बस्ती की है। यहां 28 वर्षीय फ़िज़ा, पत्नी मोहम्मद फैजान, का शव मंगलवार सुबह करीब छह बजे उसके घर के आंगन में चारपाई पर मिला। उसके पेट से खून निकल रहा था, जिससे चाकू से वार किए जाने का संकेत मिलता है।
फ़िज़ा के भाई अनस, जो मोहल्ला शिकरिया वाला नई बस्ती के निवासी हैं, ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सर्किल सीओ अवधभान सिंह भदौरिया, फोरेंसिक टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अनस ने ससुराल पक्ष के लोगों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर चाकू मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने बताया कि महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
