कायमगंज/फर्रुखाबाद/
देर रात कंपिल-सिवारा मार्ग पर हजरतगंज गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क किनारे लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़े युवक को देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस ने दिखाई तत्परता
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन कॉल नहीं लग पाई। इसी बीच सूचना पाकर कंपिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस में हो रही देरी और युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए दरोगा दिनेश कुमार यादव और कांस्टेबल दीपक कुमार ने बिना समय गंवाए त्वरित निर्णय लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अपनी ही गाड़ी में बैठाया और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां उसे तत्काल भर्ती कराया गया।
शाहजहांपुर का रहने वाला है घायल युवक पुलिस द्वारा की गई जांच के दौरान घायल के पास से एक आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके आधार पर युवक की पहचान अरनित कुमार (25 वर्ष), पुत्र रनवीर, निवासी विक्रमपुर, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।
लोहिया अस्पताल के लिए किया गया रेफर सीएचसी कायमगंज में ड्यूटी पर तैनात डॉ. विपिन सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया है। जानकारी के अनुसार, घायल युवक अभी भी बेहोशी की हालत में है।
घायल को अस्पताल लाने वाले दरोगा दिनेश कुमार ने बताया कि संभवतः किसी अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को टक्कर मारी है। पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और अज्ञात वाहन की तलाश व मामले की आगे की जांच जारी है। संकट के समय कायमगंज पुलिस द्वारा उठाए गए इस त्वरित और मानवीय कदम की क्षेत्रीय लोगों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।
