मैनपुरी में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ, सी.डी.ओ. नेहा बंधु ने दी नियमित योगाभ्यास की सीख
मैनपुरी (अजय किशोर) मैनपुरी के लोहिया पार्क में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सी.डी.ओ.) नेहा बंधु ने योग शिविर में सामूहिक योगाभ्यास, योग संकल्प और प्रार्थना के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारे ऋषि-मुनियों ने लंबे अनुभव के बाद योग साधनाओं को चुना है, जिसके परिणाम बेहद चमत्कारी हैं। उन्होंने कपालभाति, अनुलोम-विलोम, प्राणायाम और सूर्य नमस्कार जैसी क्रियाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग के माध्यम से तमाम असाध्य बीमारियों का इलाज संभव है और इसे अपनाकर लंबे समय तक निरोगी रहा जा सकता है।
सी.डी.ओ. नेहा बंधु ने लोगों से अपनी व्यस्त दिनचर्या में से थोड़ा समय निकालकर योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने की अपील की। उन्होंने आयुष विभाग को निर्देशित किया कि वे लोगों को योग से जोड़ने के लिए प्रेरित करें और इसके परिणामों को सामने लाएं, क्योंकि परिणाम देखकर ही लोग प्रेरित होते हैं। उन्होंने देश की प्राचीन संस्कृति का गौरव गान करते हुए कहा कि भारत की इस सबसे पुरानी विद्या को आगे ले जाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। नियमित योग करने से शारीरिक शक्तियां जागृत होती हैं, जिससे शरीर में रोगों के लिए कोई स्थान नहीं बचता और एक नियमित योगी कभी रोगी नहीं हो सकता।
इस विशेष अभियान के तहत 15 जून से 21 जून तक पूरे सप्ताह जिले की सभी ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, संस्थाओं और सरकारी कार्यालयों में योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक डॉ. चन्द्रमोहन सक्सैना, एस.पी. सिंह और देवेन्द्र सिंह चौहान ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं की बारीकियों से अवगत कराया। इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. देवेन्द्र सिंह सहित भारी संख्या में चिकित्सक, योग शिक्षक और साधक उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. अनुराग सिंह चंदेल द्वारा किया गया।
