कुत्ते को बचाने की कोशिश में पिता-बीमार बेटी की मौत:अमरोहा में तीन गाड़ियां टकराईं, परिवार के 7 समेत 12 घायल, इलाज कराकर लौट रहे थे पंजाब
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
यूपी के अमरोहा में कुत्ते को बचाने के चक्कर में पिता–पुत्री की मौत हो गई। परिवार के 7 लोगों समेत कुल 12 लोग गंभीर घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब पंजाब के मोहाली से आया एक परिवार बरेली के मनोना धाम से बेटी का इलाज कराकर वापस चंडीगढ़ लौट रहा था।
तभी गंगा एक्सप्रेस वे पर टाटा मैजिक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। ड्राइवर ने तेजी से ब्रेक मार दिया। जिसके चलते टेंपो ट्रैवेलर अनियंत्रित होकर वलट गई। इसके बाद पीछे से आ रही कार और टेंपो ट्रैवेलर, टाटा मैजिक से टकरा गए।
पिता और बीमार बेटी टेंपो ट्रैवेलर के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गए। राहगीरों ने घायलों को उठाकर रोड के साइड पर लिटाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घायलों में मृतक बुजुर्ग की पत्नी भी शामिल है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। घटना आज तड़के जिला मुख्यालय से 40 किलेामीटर दूर सैदनंगली थाना क्षेत्र की है।
पंजाब के मोहाली (ढकोली) निवासी लक्ष्मण सिंह (65) अपनी बेटी आशु (22) का इलाज कराने के लिए बरेली के मनोना धाम आए थे। बेटी के दोनों फेफड़े खराब हो गए थे। लक्ष्मण के साथ में उनकी पत्नी सरिता देवी, तीन बेटे, एक बेटी और 4 पोते–पोतियां भी आए थे।
इलाज कराने के बाद परिवार रविवार सुबह टाटा मैजिक से वापस लौट रहा था। जिसमें लक्ष्मण, उनकी पत्नी सरिता और बेटी आशु समेत परिवार के 9 लोग सवार थे।
सुबह करीब 4 बजे गंगा एक्सप्रेस वे से गुजर रहे थे, तभी अमरोहा में सैदनंगली थाना क्षेत्र में टाटा मैजिक के सामने एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने की कोशिश में टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे पहले सब संभल पाते, पीछे आ रही ट्रैवेलर भी ट्रैवेलर से टकरा गई। ट्रैवेलर के पीछे एक कार भी टकरा गई।
लक्ष्मण और उनकी बेटी आशु ट्रैवेलर के पहिए के नीचे आकर बुरी तरह कुचल गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टाटा मैजिक में सवार 7 लोग और टैवेलर में सवार 18 में से 5 लोग गंभीर घायल हो गए।
सूचना पर सैदनंगली थाना प्रभारी संजय प्रताप सिंह पुलिस फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां लक्ष्मण और उनकी बेटी सरिता को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल सरिता की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घायलों में दीपक, दीपिका, राहुल, 5 वर्षीय परी, साढ़े तीन वर्षीय नैतिक और 4 वर्षीय खुशप्रीत भी शामिल हैं।
ट्रैवेलर में सवार सभी घायल मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वे अयोध्या से हरिद्वार की यात्रा पर जा रहे थे। सभी का इलाज जारी है।
4 स्कूली वैन चलवाते थे लक्ष्मण, बेटी बीएएसी नर्सिंग छात्रा थी
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मण सिंह के पास चार स्कूली वैन थीं, जिन्हें वह शहर के विभिन्न स्कूलों में चलवाते थे। उनकी पुत्री आशु बीएससी नर्सिंग सेकेंड ईयर की छात्रा थी और पढ़ाई कर रही थी। लक्ष्मण के कुल 4 बच्चे हैं, आशु दूसरे नंबर पर थी।
सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल सरिता को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
