कायमगंज/फर्रुखाबाद:
जनपद फर्रुखाबाद की बेटी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती। कायमगंज ब्लॉक के सिकंदरपुर खास गांव की रहने वाली प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रतिष्ठा यादव ने प्रयागराज में आयोजित 29वीं उत्तर प्रदेश राज्य एथलेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया।
प्रयागराज के पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए बेहतरीन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच प्रतिष्ठा यादव ने अपने दमदार प्रदर्शन, कड़ी मेहनत और मजबूत हौसले के बल पर तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतिष्ठा की इस सफलता से फर्रुखाबाद में खुशी की लहर दौड़ गई है। परिवार से लेकर गांव तक हर कोई अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है।
लखीमपुर में रहकर कर रही हैं कठिन अभ्यास
प्रतिष्ठा के चाचा अमरीश यादव ने बताया कि बचपन से ही प्रतिष्ठा की खेलों में विशेष रुचि रही है। अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह वर्तमान में अपने पिता के साथ लखीमपुर में रहकर पढ़ाई के साथ-साथ नियमित रूप से एथलेटिक्स की ट्रेनिंग ले रही हैं।
उनके पिता देवेंद्र कुमार, जो लखीमपुर में पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, ने बेटी की इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रतिष्ठा आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करेंगी।
गांव में जश्न का माहौल
जैसे ही प्रतिष्ठा की जीत की खबर उनके पैतृक गांव सिकंदरपुर खास पहुंची, पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया और प्रतिभाशाली बेटी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ग्रामीणों और खेल प्रेमियों का कहना है कि प्रतिष्ठा यादव की यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए नई प्रेरणा बनेगी और यह संदेश देगी कि अगर इरादे मजबूत हों तो किसी भी मंजिल को हासिल किया जा सकता है।
फर्रुखाबाद की इस बेटी ने न सिर्फ मेडल जीता है, बल्कि हजारों युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान दी है।
