शमसाबाद /फर्रुखाबाद।
ढाई घाट मार्ग पर लक्ष्मी दूध डेयरी के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं दुर्घटना के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शमसाबाद कस्बा के मोहल्ला दलमीर खाँ निवासी राधेश्याम राजपूत का 45 वर्षीय पुत्र संजय राजपूत रविवार शाम ढाई घाट से वापस अपने घर लौट रहा था। तभी शमसाबाद बाजार की ओर से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार से उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि संजय राजपूत उछलकर सड़क किनारे नाली में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में घायल संजय को जीप से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने बताया कि मरीज की हालत अत्यंत चिंताजनक होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लोहिया में इलाज़ के दौरान बाइक सवार की मौत हो गई । पुलिस फरार अज्ञात बाइक सवार की तलाश कर रही है।

