कायमगंज/फर्रुखाबाद |
शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान कायमगंज में जनपदीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। प्रतियोगिता में शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान के छात्र-छात्राओं के साथ-साथ कर्नल ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज शुकरूल्लापुर के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और दमखम का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

प्रतियोगिता के दौरान बालक वर्ग में कर्नल ब्रह्मानंद इंटर कॉलेज शुकरूल्लापुर के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालिका वर्ग में शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान की छात्राओं ने अपने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन कर बाजी मार ली। छात्राओं के शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन 27 अगस्त 2026 को कानपुर में होने वाली मंडल स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ जूडो के विभिन्न दांव-पेंच और तकनीकों का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका शुकरूल्लापुर विद्यालय के व्यायाम शिक्षक प्रशुभ गुप्ता तथा शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान की व्यायाम शिक्षिका शोभा यादव ने निभाई। निर्णायकों ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से आकलन करते हुए विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर शिक्षण संस्थान की प्रबन्धिका मोनिका अग्रवाल एवं प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना भी पैदा करते हैं। उन्होंने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर कु. शिल्की मिश्रा, विकास श्रीवास्तव, प्रिया द्विवेदी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

