सनराइज लर्निंग फाउंडेशन द्वारा किया गया नोएडा व्हीलर्स अक्टूबर 2026 का आयोजन
13वें नोएडा व्हीलर्स में 230 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, मुख्य अतिथि के रूप में पंडित साहित्य चंचल ने बढ़ाया उत्साह
खिलाड़ियों को मिला स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक — प्रतिभा मोहताज नहीं बस होती है अवसर की तलाश
नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए में शनिवार को सनराइज लर्निंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित **13वें नोएडा व्हीलर्स** में दिल्ली-एनसीआर के 8 स्कूलों एवं विशेष शिक्षा केंद्रों तथा व्यक्तिगत श्रेणी से कुल **230 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया**, जिनमें 85 व्यक्तिगत प्रविष्टियां शामिल थीं। ऑटिज्म, एडीएचडी, डाउन सिंड्रोम, बौद्धिक दिव्यांगता एवं अन्य न्यूरोडेवलपमेंटल स्थितियों वाले इन बच्चों और युवाओं ने अपनी चुनौतियों से आगे बढ़कर स्केटिंग रिंक पर साहस, संतुलन और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर “शब्दावली दर्पण न्यूज़” के प्रधान संपादक, राष्ट्रीय कवि, लेखक, समाजसेवी एवं साहित्य वेलफेयर कल्चरल एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित साहित्य चंचल ‘साधक’ की मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धियों के इस उत्सव में सहभागिता की।जबकि जिला क्रिकेट अध्यक्ष एवं मानव सेवा समिति के अध्यक्ष यू.के.भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
**नोएडा व्हीलर्स की अनूठी विशेषता है — हर खिलाड़ी को विजेता बनने का अवसर।** प्रत्येक प्रतिस्पर्धात्मक राउंड में केवल तीन स्केटर्स रखे गए, जिससे हर प्रतिभागी को स्वर्ण, रजत या कांस्य पदक मिला। सभी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र एवं जलपान भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा **‘रॉक एंड रोल’ — पहियों पर संगीतमय प्रस्तुति**, जिसमें सनराइज लर्निंग के 18 विद्यार्थियों ने भारतीय तिरंगा हाथों में लेकर अद्भुत गति, संतुलन और सामूहिक संरचनाओं का प्रदर्शन किया। देशभक्ति गीत *‘लहरा दो, लहरा दो’* की धुन पर जब ये युवा खिलाड़ी तिरंगा लहराते हुए रिंक पर आगे बढ़े, तो पूरा वातावरण देशभक्ति और गर्व से भर उठा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में **द स्पेशल कैफ़े और द स्पेशल शॉपे** के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले युवाओं के व्यावसायिक कौशल एवं आजीविका की तैयारी को भी प्रदर्शित किया गया।
खिलाड़ियों और उनके परिवारों के लिए **निःशुल्क संचार एवं भाषा परीक्षण तथा स्वास्थ्य जांच** की सुविधा उपलब्ध रही। **फेलिक्स हॉस्पिटल** ने मेडिकल एवं हेल्थ पार्टनर तथा **मैकग्रा हिल इंडिया** ने इवेंट स्पॉन्सर के रूप में सहयोग दिया।
**ग्रेस फाउंडेशन** को सर्वाधिक भागीदारी (57 खिलाड़ी) एवं सर्वाधिक पदक (57 पदक) प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।
**सनराइज लर्निंग फाउंडेशन की संस्थापक ट्रस्टी, ऑटिज्म विशेषज्ञ एवं 17 वर्षीय ऑटिस्टिक युवा की मां डॉ. सोनाली कटारिया ने कहा:**
“विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को स्कूलों की खेल प्रतियोगिताओं, स्पोर्ट्स क्लबों और टूर्नामेंट में भाग लेने के अवसर बहुत कम मिलते हैं।
**इन बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है, कमी है तो अवसरों की।**
सनराइज लर्निंग फाउंडेशन ऐसे मंच तैयार कर रहा है, जहां ये बच्चे अपनी क्षमताएं दिखा सकें, प्रतिस्पर्धा कर सकें और विजेता होने का गौरव अनुभव कर सकें।
**इन्हें दया नहीं, स्वीकार्यता, सम्मान और अवसर चाहिए। क्योंकि प्रतिभा को बस अवसर चाहिए!”**
नोएडा व्हीलर्स के माध्यम से सनराइज लर्निंग फाउंडेशन यह संदेश दे रहा है कि **समावेशन केवल दिव्यांग व्यक्तियों को स्वीकार करना नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ने, अपनी प्रतिभा दिखाने और सम्मान पाने के वास्तविक अवसर देना है।

