फर्रुखाबाद न्यूज़:- स्कूलों में अचानक पहुंचीं डीएम, बच्चों से पूछे सवाल तो खुली पढ़ाई की पोल, कमजोर छात्रों पर विशेष फोकस के निर्देश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

शमसाबाद/कायमगंज/फर्रुखाबाद।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शनिवार को कायमगंज तहसील के शमसाबाद विकासखंड क्षेत्र में अचानक विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की हकीकत परखी। डीएम के औचक निरीक्षण से विद्यालयों में हलचल मच गई। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई पहुंचकर पढ़ाई-लिखाई से लेकर छात्र-छात्राओं को मिल रही बुनियादी सुविधाओं तक का जायजा लिया।

प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद में जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछकर उनकी शैक्षणिक समझ और पढ़ाई की प्रगति को परखा। बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति और पाठ्यक्रम कितना पूरा हुआ है, इसकी जानकारी भी शिक्षकों से ली गई।

डीएम ने शिक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में केवल उपस्थिति दर्ज कराना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता में सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उन पर विशेष ध्यान देने और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शिक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का नियमित मूल्यांकन करने पर जोर दिया।

पढ़ाई के साथ सुविधाओं की भी हुई पड़ताल

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और शिक्षकों को विद्यालयों में बेहतर एवं स्वच्छ शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल मिल सके।

इसके बाद जिलाधिकारी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई पहुंचे। यहां उन्होंने छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से उनकी समस्याएं पूछते हुए डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय में रहने वाली बालिकाओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

‘हर बच्चे की पढ़ाई पर नजर रखें’

जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने शिक्षकों से अपेक्षा की कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनकी व्यक्तिगत शैक्षणिक जरूरतों को भी समझें।

औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *