फर्रुखाबाद न्यूज़:- ग्राउंड जीरो पर एडीएम: दिलीप-धौली की मड़ैया में बाढ़ से हुए नुकसान की पड़ताल |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद।

गंगा की बाढ़ से प्रभावित सदर तहसील क्षेत्र के गांवों में जिला प्रशासन की राहत गतिविधियां लगातार जारी हैं। मंगलवार को अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह ने विकासखंड बढ़पुर के बाढ़ प्रभावित दिलीप की मड़ैया और धौली की मड़ैया पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक हर जरूरी सुविधा पहुंचाने के निर्देश दिए।

Ad image

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने गांवों में बाढ़ की स्थिति, ग्रामीणों को मिल रही राहत और उपलब्ध कराई जा रही आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ उन्हें समय से भोजन, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

एडीएम ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत कार्य जारी रखेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जरूरतमंद परिवारों तक सहायता समय से पहुंचे।

कटान में उजड़े मकानों का होगा सर्वे

बाढ़ के पानी से मकानों के कटाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों का सूचिकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामीणों के मकान बाढ़ और कटान के कारण क्षतिग्रस्त अथवा प्रभावित हुए हैं, उनकी सूची तैयार कर शासन के नियमानुसार तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।

इसके साथ ही उन्होंने संबंधित ग्रामीणों को आवासीय पट्टे के लिए भूमि आवंटन संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि जिन परिवारों के आशियाने बाढ़ की भेंट चढ़ गए हैं, उन्हें भविष्य में सुरक्षित आवास की व्यवस्था मिल सके।

आपदा से निपटने के लिए संसाधन तैयार रखने के निर्देश

एडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सभी आवश्यक संसाधन हर समय तैयार रखे जाएं। किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके, इसके लिए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने को कहा गया। उन्होंने राहत कार्यों को प्रभावी, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के साथ खड़ा है और शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह चौहान, नायब तहसीलदार मनीष वर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *