तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

नवाबगंज (फर्रुखाबाद)।

थाना नवाबगंज क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। पेट दर्द की दवा लेकर घर लौट रहे युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर निवासी 45 वर्षीय सुशील चतुर्वेदी खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार को वह पड़ोसी गांव से पेट दर्द की दवा लेकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचरा मार्ग पर पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सुशील सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना पाकर नवाबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फतेहगढ़ भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और माहौल गमगीन हो गया।

मृतक के भाई रतन चतुर्वेदी ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। हालांकि घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर जाकर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, लेकिन चालक वहां से भी फरार हो गया। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है।

बताया गया है कि सुशील चतुर्वेदी अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों मुस्कान, गुलशन एवं अर्जुन को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गांव में पसरा मातम

सुशील चतुर्वेदी की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि वह मिलनसार और मेहनती किसान थे। उनकी मौत से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरा आघात पहुंचा है। तीन छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से हर किसी की आंखें नम हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *