मोबाइल पर बात कर रहे डंपर चालक ने छात्रा को कुचला, हालत गंभीर |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। रेलवे स्टेशन मोड़ के पास बालू से भरे तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल से जा रही 16 वर्षीय छात्रा को कुचल दिया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आक्रोशित भीड़ ने डंपर के परिचालक की पिटाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय डंपर चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी लापरवाही के चलते उसने सामने जा रही छात्रा को टक्कर मार दी। डंपर के पहिए छात्रा के हाथ और पैर के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

घायल छात्रा की पहचान हिमांशी पुत्री नेत्रपाल कठेरिया के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

चालक फरार, परिचालक भीड़ के हत्थे चढ़ा

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं भागने की कोशिश कर रहे परिचालक ऋषभ निवासी अलीगंज को लोगों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में परिचालक बेहोश हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल परिचालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उसे गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया

कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे स्टेशन मोड़ बना हादसों का केंद्र

स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन तिराहे को “खूनी मोड़” बताते हुए प्रशासन पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, जिससे आए दिन जाम और हादसे होते हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। प्रस्ताव पास होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में भारी रोष है।

लगातार हो रहे हादसों के बाद अब लोग इस खतरनाक मोड़ पर स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *