कायमगंज/फर्रुखाबाद
सी.पी. विद्या निकेतन, कायमगंज में शुक्रवार को जोनल स्तरीय स्विमिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली तैराकों ने हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना ने आयोजन को बेहद रोमांचक बना दिया।
इस प्रतियोगिता में सी.पी. विद्या निकेतन, हर्टमन कॉलेज तथा एल.पी.एस. स्कूल के खिलाड़ियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं विद्यालय प्रबंधन द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान 50 मीटर फ्री स्टाइल बॉयज एवं गर्ल्स, 100 मीटर फ्री स्टाइल बॉयज एवं गर्ल्स, 50 मीटर बैक स्ट्रोक बॉयज एवं गर्ल्स, 200 मीटर बैक स्ट्रोक, 50 एवं 100 मीटर ब्रैस्ट स्ट्रोक सहित 200 और 400 मीटर रिले प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
विद्यालय की ओर से सऊद हसन खान, आदित्य राठौर, पल्लवी मिश्रा और राघवेंद्र सिंह ने खेल शिक्षकों के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि कार्यक्रम का संचालन हरीश पचौरी ने किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाई।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में विजयी खिलाड़ियों का चयन रीजनल स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया। समापन अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य आर. के. बाजपेई ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं और ऐसे आयोजनों से छात्रों में आत्मविश्वास तथा टीम भावना का विकास होता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
