शमसाबाद फर्रुखाबाद |
नगर पंचायत क्षेत्र में विकास के बड़े-बड़े दावों के बीच अलेपुर पुलिया से प्राइमरी स्कूल तक जाने वाली सड़क बदहाली की कहानी बयां कर रही है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि हल्की सी बारिश होते ही यहां घुटनों तक पानी भर जाता है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वर्षों से मांग, नहीं हुई सुनवाई
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। बारिश के दौरान सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है। इससे लोगों का निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कई बार बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
प्रशासनिक उदासीनता का आरोप
वार्डवासियों का आरोप है कि एक ओर नगर पंचायत विकास कार्यों के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर अलेपुर पुलिया से प्राइमरी स्कूल तक की यह जर्जर सड़क प्रशासनिक उदासीनता की गवाही दे रही है। लोगों ने जल्द से जल्द सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
जनता सवाल उठा रही है कि जब एक मुख्य मार्ग की यह स्थिति है, तो विकास के दावों की हकीकत आखिर क्या है? लोग जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
