एडीजी ने कांवड़ यात्रा तैयारियों का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ करने के निर्देश
एटा। श्रावण कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन एस.के. भगत ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, कांवड़ मार्गों की व्यवस्थाओं तथा विभागवार कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इला मारन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा, रूट डायवर्जन, कंट्रोल रूम संचालन, पीस कमेटी बैठकों तथा सेक्टरवार ड्यूटी की समुचित व्यवस्था की गई है।
समीक्षा के दौरान एडीजी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा डायल-112 वाहनों से लगातार गश्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्गों पर प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
एडीजी ने जनपद के पांच जोन एवं 18 सेक्टरों में त्वरित समन्वय के लिए अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप संचालित करने, थाना प्रभारियों को क्रेन, जेसीबी, फायर टेंडर सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा ग्राम प्रधानों, सभासदों एवं प्रमुख नागरिकों के संपर्क नंबर अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलते ही तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी अरविन्द सिंह एवं एसएसपी इला मारन ने एडीजी को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाएगा और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संगम लाल, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, पुलिस अधीक्षक नगर श्वेता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सहित समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
