फर्रुखाबाद न्यूज़:- गल्ला मंडी बना जंग का अखाड़ा; ग्राहक के विवाद में चले लाठी-डंडे, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष समेत चार लहूलुहान |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी चौराहे पर रविवार सुबह एक मोबाइल ग्राहक को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। मोबाइल की खरीद-फरोख्त को लेकर दो दुकानदारों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि दोनों पक्षों में लाठी-डंडे और मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष समेत दोनों पक्षों के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कायमगंज में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गल्ला मंडी निवासी अनिल मिश्रा, उनके पुत्र सावन और पंकज का स्थानीय दुकानदार सुबोध गुप्ता से मोबाइल ग्राहक को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद मामला हाथापाई और फिर लाठी-डंडों तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष की दुकान पर चढ़ गए और जमकर मारपीट की।

मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। घायलों में व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुबोध गुप्ता भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गल्ला मंडी क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में व्यापारियों की भीड़ मौके पर जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कायमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस मामले में प्रथम पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया गया है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने दुकान पर चढ़कर लाठी-डंडों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गल्ला मंडी के व्यापारियों में नाराजगी का माहौल है। दिनदहाड़े बाजार में हुई इस हिंसक वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए बाजार का माहौल भी तनावपूर्ण बना रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *