जिलाधिकारी अरविन्द सिंह सिंह ने किया आगरा जोन की 18वीं अंतर्जनपदीय वॉलीबॉल क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य समापन
*एटा ने सेपकटकरा में लहराया परचम, वॉलीबॉल में आगरा व फिरोजाबाद रहे विजेता*
विजेता-उपविजेता टीमों एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों को डीएम व एसएसपी ने किया सम्मानित
एटा। जनपद एटा की मेजबानी में पुलिस लाइन एटा के खेल मैदान पर आयोजित आगरा जोन की तीन दिवसीय 18वीं अंतर्जनपदीय वॉलीबॉल क्लस्टर (वॉलीबॉल एवं सेपकटकरा) प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को मुख्य अतिथि जिलाधिकारी अरविन्द सिंह द्वारा भव्य समापन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. ने भी प्रतिभाग किया। दोनों अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रशस्ति प्रदान कर सम्मानित किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल जैसे अनुशासित संगठन में खेलकूद शारीरिक दक्षता,स्वास्थ्य के साथ मानसिक दृढ़ता और सामूहिक समन्वय को भी सुदृढ़ बनाते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, हाथरस, फिरोजाबाद, कासगंज एवं एटा जनपदों की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के परिणामों में वॉलीबॉल महिला वर्ग में फिरोजाबाद विजेता तथा अलीगढ़ उपविजेता रहा। पुरुष वर्ग में आगरा ने विजेता तथा एटा ने उपविजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
सेपकटकरा प्रतियोगिता में महिला डबल्स वर्ग में हाथरस विजेता एवं आगरा उपविजेता रहा। महिला रेगू वर्ग में एटा विजेता तथा फिरोजाबाद उपविजेता रहा, जबकि महिला क्वाड वर्ग में फिरोजाबाद विजेता एवं मथुरा उपविजेता रहा। पुरुष डबल्स, पुरुष रेगू एवं पुरुष क्वाड—तीनों वर्गों में एटा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि इन तीनों स्पर्धाओं में फिरोजाबाद उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों में महिला कांस्टेबल प्रेरणा (फिरोजाबाद) को सर्वश्रेष्ठ महिला वॉलीबॉल खिलाड़ी, कांस्टेबल जय डागर (आगरा) को सर्वश्रेष्ठ पुरुष वॉलीबॉल खिलाड़ी, महिला कांस्टेबल शिवानी यादव (एटा) को सर्वश्रेष्ठ महिला सेपकटकरा खिलाड़ी तथा कांस्टेबल आयुष चौधरी (एटा) को सर्वश्रेष्ठ पुरुष सेपकटकरा खिलाड़ी का पुरस्कार प्रदान किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि खेलों से प्रतिस्पर्धा, अनुशासन, एकता एवं आत्मविश्वास की भावना विकसित होती है, जो पुलिस सेवा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी सदर संकल्पदीप कुशवाह, क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग, प्रतिसार निरीक्षक किशन लाल गौतम सहित अन्य अधिकारीगण, पुलिसकर्मी, प्रतिभागी खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
