अमरोहा पुलिस ने 38 लाख के 192 मोबाइल बरामद किए:साइबर सेल की कार्रवाई से मालिकों को उनके फोन वापस मिले
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से खोए और गुम हुए 192 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख रुपये है। इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद की साइबर सेल टीम ने तकनीकी दक्षता का उपयोग करते हुए इन मोबाइलों को ट्रैक कर बरामद किया। यह कार्रवाई साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के पुलिस के प्रयासों का हिस्सा है।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर मालिकों के चेहरे खिल उठे। कई लोगों ने अमरोहा पुलिस और साइबर सेल टीम की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सक्रियता के कारण उनका कीमती सामान वापस मिल सका।
पुलिस अधीक्षक यादव ने बताया कि साइबर सेल गुम हुए मोबाइलों की ट्रैकिंग का अभियान लगातार चला रही है। उन्होंने जनता से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी ऑनलाइन ठगी या मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
