सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान पर जताई नाराजगी
मैनपुरी (अजय किशोर) मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता ने बुधवार को जिले के स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, दुर्गा कुंज कॉलोनी का निरीक्षण किया। वहां उपस्थित डॉ. दीपा द्वारा 16 मरीज देखे गए थे, जिस पर सीएमओ ने मरीज बढ़ाने की हिदायत दी। साथ ही तैनात सपोर्ट स्टाफ अनिल कुमार और प्रांशु चतुर्वेदी को केंद्र में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
इसके बाद पूर्वाह्न 11.45 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचेला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, लैब, आयुष्मान कक्ष, कोल्ड चेन तथा प्रसव कक्ष का गहनता से जायजा लिया और चिकित्सा अधीक्षक सिद्धार्थ सिंह भदोरिया को स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रसव के उपरांत जननी सुरक्षा योजना का भुगतान पूरा न होने पर सीएमओ ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बीपीएम नितिन सक्सेना और बीसीपीएम भावना राजपूत को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर हाल में एक सप्ताह के भीतर लाभार्थियों के बैंक खाते खुलवाकर लंबित भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ढिलाई बरतने वाली संबंधित क्षेत्र की एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इस निरीक्षण के दौरान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, प्रभारी जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह गौर, वरिष्ठ सहायक सुभाष सिंह, फार्मासिस्ट मनोज पाल और दीपक मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
