फर्रुखाबाद/
जनपद में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को अमृतपुर तहसील स्थित राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण करते हुए मरीजों को बेहतर और समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों तथा उपचार के लिए आए लोगों से सीधे बातचीत कर उन्हें मिल रही चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों के व्यवहार की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पताल में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, ओपीडी और आपातकालीन सेवाओं, दवा वितरण व्यवस्था, साफ-सफाई, वार्डों की स्थिति तथा विभिन्न अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने और सभी स्वास्थ्य सेवाओं को शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष जोर दिया।
डॉ. अंकुर लाठर ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से कहा कि प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील और समय पर उपचार मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, कार्य में शिथिलता बरतने या मरीजों के प्रति लापरवाही दिखाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आमजन को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके लिए सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
निरीक्षण के समय स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
