फर्रुखाबाद।
थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम इमादपुर सोमवंशी में बीती देर रात अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक चार दुकानों को निशाना बनाकर क्षेत्र में दहशत फैला दी। चोर दुकानों के ताले तोड़कर नकदी सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हुई, जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने उपदेश पुत्र अनिल सिंह की परचून की दुकान, सतीश की समोसे की दुकान, इकबाल की सब्जी की दुकान तथा झल्लू के खोखे के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकानदारों के मुताबिक दुकानों से नकदी के अलावा अन्य सामान भी गायब मिला है।
सूचना मिलते ही थाना राजेपुर के उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पीड़ित पक्ष ने लायकपुर निवासी एक युवक पर संदेह जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
इस बीच चोरी की घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नल का हत्था निकालते हुए दिखाई दे रहा है। आरोप है कि इसी व्यक्ति ने नल के हत्थे का उपयोग कर दुकानों के ताले तोड़ते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस वीडियो के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।
लगातार हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश और भय का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
थाना प्रभारी राजेपुर नागेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है तथा पुलिस द्वारा सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
