हाईवे किनारे झाड़ियों में मिला युवक का शव, गले में चुनरी का फंदा और शरीर पर मिले संदिग्ध निशान; पुलिस सीसीटीवी खंगालने में जुटी |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

मोहम्मदाबाद/ फर्रुखाबाद

फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद क्षेत्र में इटावा-बरेली हाईवे स्थित बरसाना गेस्ट हाउस के पीछे झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 और स्थानीय थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, शव हाईवे से करीब 200 मीटर दूर घनी झाड़ियों में पड़ा मिला। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण कराया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल की जांच कर कई अहम साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें जांच का आधार बनाया जाएगा।

पुलिस द्वारा शव की तलाशी लेने पर मृतक की जेब से तंबाकू, एक फटी हुई डायरी तथा आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान बिहार के नवादा जनपद के कौवाकोल थाना क्षेत्र के ग्राम बीझो कौवाकोल निवासी 34 वर्षीय बलवीर मांझी पुत्र ब्रह्मदेव मांझी के रूप में हुई।

मृतक ने लाल, फिरोजी और सफेद रंग की चेकदार शर्ट तथा काले रंग की लोअर पहन रखी थी। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसके गले में गेरुआ रंग की चुनरी का फंदा बंधा हुआ था, जबकि कान और नाक से खून निकलने के निशान भी मिले। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को संदिग्ध मान रही है और हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक के पहनावे और हुलिए से ऐसा प्रतीत होता है कि वह किसी ईंट-भट्ठे या अन्य स्थान पर मजदूरी करने आया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और उसके यहां आने के कारणों की भी जांच की जा रही है।

उपनिरीक्षक हरीश कुमार ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कायमगंज के कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई और बाद में शव को झाड़ियों में लाकर फेंक दिया गया। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने के साथ-साथ उसके मोबाइल, संबंधों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक यहां कैसे पहुंचा और घटना के पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *