तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की हालत नाजुक; जिला अस्पताल से सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

बढ़पुर/फर्रुखाबाद/

जिले में तेज रफ्तार का कहर लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। रविवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर तड़पने लगा। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जनपद के थाना बेवर क्षेत्र स्थित ग्राम जलालपुर निवासी आशीष (35) पुत्र देवीसरन सिंह किसी आवश्यक कार्य से बेवर गए थे। कार्य पूरा करने के बाद वह अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह जलालपुर के समीप पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। हादसे में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही गिर पड़े।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल फर्रुखाबाद के डॉ. राम मनोहर लोहिया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. जय सिंह ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें मिलने पर डॉक्टरों ने उनकी स्थिति चिंताजनक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए तत्काल सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घायल की बहन शिवांगी राजपूत ने बताया कि उनके भाई जरूरी काम से बेवर गए थे। वापस लौटते समय गांव के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से उन्हें सैफई भेज दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात कार चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद उसके चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

तेज रफ्तार के कारण हो रहे लगातार सड़क हादसों ने एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और वाहन चालकों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और संवेदनशील मार्गों पर प्रभावी निगरानी की मांग की है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *