मेरापुर/फर्रुखाबाद/
जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र में मक्का की फसल को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब दबंगों द्वारा की गई कथित मारपीट में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना मेरापुर क्षेत्र के पाल नगर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि मंगलवार को उनके परिवार की मक्का की फसल गांव की सड़क किनारे सुखाने के लिए रखी गई थी। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग और रसूखदार लोगों ने ट्रैक्टर चलाकर मक्का के ढेर को तीन बार रौंद दिया, जिससे पूरी फसल बिखर गई। इस बात का विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। हालांकि उस समय गांव के लोगों और जिम्मेदार व्यक्तियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था और दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था।
परिजनों का आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपियों के मन में रंजिश बनी रही। गुरुवार शाम को जब परिवार के बुजुर्ग सदस्य केदार सिंह, उनकी पत्नी 65 वर्षीय चमेली देवी तथा परिवार की अन्य महिलाएं मक्का की रखवाली कर रही थीं, तभी दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।
बताया गया है कि आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान चमेली देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों के अनुसार मारपीट के बाद उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
बुजुर्ग महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि दबंगों की पिटाई के कारण ही चमेली देवी की मौत हुई है और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सूचना मिलते ही मेरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष राजीव पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की जांच की जा रही है। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है तथा रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। वहीं, एक मामूली विवाद में बुजुर्ग महिला की मौत ने कानून-व्यवस्था और ग्रामीण स्तर पर बढ़ती दबंगई को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
