दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी से लौट रहे चौकीदार को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत के बाद फैक्ट्री गेट पर हंगामा |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

नवाबगंज/फर्रुखाबाद |

नवाबगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिफाइनरी फैक्ट्री के चौकीदार की मौत हो गई। ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहे चौकीदार को फैक्ट्री के बाहर ही किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल चौकीदार ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर हंगामा किया।

थाना क्षेत्र के गांव वेग निवासी 45 वर्षीय अवनीश यादव उर्फ बबलू सादिकपुर स्थित एक रिफाइनरी फैक्ट्री में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे वह अपनी रात्रि ड्यूटी पूरी कर साइकिल से घर लौट रहे थे। बताया गया है कि फैक्ट्री परिसर से बाहर निकलते ही एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अवनीश साइकिल समेत करीब 15 मीटर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री में तैनात दूसरे चौकीदार ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई सत्य नारायण मौके पर पहुंचे और घायल अवनीश को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरौन भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही अस्पताल में मचा कोहराम

घटना की जानकारी गांव कांधेमई के प्रधान रिंकू द्वारा परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए। शव देखते ही पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

फैक्ट्री गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन

मृत्यु की सूचना मिलने के बाद परिजन शव को सीएचसी से लेकर सीधे फैक्ट्री पहुंचे और फैक्ट्री गेट पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया। बाद में जिला पंचायत सदस्य यशबीर सिंह, मदन मोहन चतुर्वेदी और राजेश कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और फैक्ट्री प्रबंधन के साथ हुई वार्ता के बाद परिजन शांत हुए।

चार बेटों के सिर से उठा पिता का साया

पुलिस ने मृतक के भाई सरनेश उर्फ रिंकू की तहरीर पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं हादसे को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

मृतक अवनीश यादव अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार में पिता मलिखान, मां स्वदेशी देवी, भाई रजनीश और सरनेश उर्फ रिंकू, पत्नी रेखा देवी तथा चार पुत्र आशीष, विकास, अभिषेक और ऋषभ हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी मुख्य रूप से अवनीश के कंधों पर थी। अचानक हुई इस दुर्घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने तथा दुर्घटना करने वाले वाहन चालक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी हुई है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *