एनसीसी संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-36 का शुभारंभ, अनुशासन और नेतृत्व के गुणों का दिया गया संदेश |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
5 Min Read

फर्रुखाबाद।

12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के तत्वावधान में आरआरसी फतेहगढ़ परिसर में 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी-36) का शुभारंभ सोमवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। शिविर का आयोजन 14 जून से 23 जून 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें जिले और आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लगभग 500 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल अमनदीप सिंह खारोड़ ने ओपनिंग एड्रेस के दौरान कैडेट्स को संबोधित करते हुए अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता के विकास और जिम्मेदार नागरिक बनाने का सशक्त मंच है। उन्होंने सभी कैडेट्स को कैंप अवधि के दौरान अनुशासन का पालन करने, समय का सदुपयोग करने और प्रशिक्षण से अधिकतम लाभ उठाने के निर्देश दिए।

कर्नल खारोड़ ने बताया कि 10 दिवसीय शिविर के दौरान कैडेट्स को फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट, मैप रीडिंग, हथियार संचालन, फायरिंग, पीटी, ड्रिल, योगाभ्यास, फायर फाइटिंग तथा अन्य सैन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त एनसीसी अधिकारियों द्वारा नेतृत्व विकास, आपदा प्रबंधन, एनसीसी के इतिहास एवं स्थापना से संबंधित विषयों पर विशेष कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि शिविर में साइबर अपराध से बचाव, ट्रैफिक प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, करियर काउंसलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे। साथ ही कैडेट्स की प्रतिभा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को विकसित करने के लिए ड्रिल प्रतियोगिता, लाइन क्लीनिंग प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिता, वॉलीबॉल, फुटबॉल, रस्साकशी, खो-खो और रिले रेस जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा।

कैंप कमांडेंट ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिविर में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, नशापान अथवा आपसी विवाद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई कैडेट नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी कैडेट्स शिविर से नई सीख और बेहतर अनुभव लेकर अपने संस्थानों में लौटेंगे।

शिविर में म्युनिसिपल इंटर कॉलेज, जीआईसी, डीएन डिग्री कॉलेज, क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, एसपीएस इंटर कॉलेज, एचएलबीएन इंटर कॉलेज छिबरामऊ, जेडीजीआईसी छिबरामऊ, बीआर इंटर कॉलेज मोहम्मदाबाद, आरपी डिग्री कॉलेज, आरपी इंटर कॉलेज कमालगंज, आर्मी पब्लिक स्कूल, सीपीवीएन इंटर कॉलेज कायमगंज तथा एसएम इंटर कॉलेज कायमगंज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनसीसी गर्ल्स एवं बॉयज कैडेट्स प्रतिभाग कर रहे हैं।

शिविर के संचालन की जिम्मेदारी डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर संदीप माधव को सौंपी गई है, जबकि कैंप एडजुटेंट एवं मीडिया मैनेजर के रूप में कैप्टन गिरिजा शंकर तथा प्रशिक्षण अधिकारी के रूप में लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान कार्यभार संभाल रहे हैं। कैंप कमांडेंट ने सभी अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।

शिविर के प्रथम दिन लेफ्टिनेंट राजेश दुबे एवं सेकंड अफसर संतोष शुक्ला ने कैडेट्स को एनसीसी के इतिहास, स्थापना और उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इसके बाद कैडेट्स को शस्त्रों को खोलने और पुनः संयोजित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषयक विशेष व्याख्यान में नगरीय स्वास्थ्य केंद्र लिंजीगंज से आए चिकित्सक डॉ. नवनीत गुप्ता ने कैडेट्स को स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छता, संतुलित आहार तथा बीमारियों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन और बेहतर प्रदर्शन की आधारशिला है।

इस अवसर पर डिप्टी कैंप कमांडेंट मेजर संदीप माधव, कैप्टन गिरिजा शंकर, लेफ्टिनेंट अवनीश चौहान, लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, लेफ्टिनेंट राजेश दुबे, चीफ अफसर सतीश चंद्र, सूबेदार मेजर नवीन कुमार, सूबेदार गिरिराज किशोर, सूबेदार दिनेश सिंह सहित समस्त पीआई स्टाफ एवं जीसीआई अंजलि मौजूद रहीं। शिविर के सफल आयोजन को लेकर कैडेट्स में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *