फर्रुखाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: 28 लाख रुपये के 125 खोए मोबाइल बरामद, पीड़ितों को लौटाई मुस्कान

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

जनपद पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 28 लाख रुपये मूल्य के 125 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को वितरित किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग उपस्थित रहे, जिनके मोबाइल फोन पिछले कई महीनों से गुम थे और उन्हें वापस मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोबाइल गुम होने की शिकायतें नागरिकों द्वारा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता से मोबाइल फोनों की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन विभिन्न कंपनियों के हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख रुपये आंकी गई है।

एसपी आरती सिंह ने बताया कि फतेहगढ़ पुलिस एवं सर्विलांस टीम के संयुक्त प्रयासों से यह सफलता प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई कर रही है और भविष्य में भी खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

मोबाइल वापस प्राप्त करने वाले कई लोगों ने बताया कि उनके फोन छह महीने से लेकर एक वर्ष पूर्व तक कहीं गुम हो गए थे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सभागार में मौजूद लोगों ने पुलिस के इस प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

फर्रुखाबाद पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन के प्रति संवेदनशीलता और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाने से पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी और अधिक मजबूत हुआ है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *