WAVES OTT ने 1 करोड़ उपयोगकर्ताओं का आंकड़ा पार किया, भारत के सार्वजनिक डिजिटल मीडिया तंत्र को मिली नई मजबूती

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
4 Min Read

WAVES OTT ने 1 करोड़ उपयोगकर्ताओं का आंकड़ा पार किया, भारत के सार्वजनिक डिजिटल मीडिया तंत्र को मिली नई मजबूती

24,000 से अधिक कंटेंट शीर्षकों और 140 से अधिक लाइव चैनलों के साथ WAVES OTT बना भारत का सबसे विविधतापूर्ण सार्वजनिक स्ट्रीमिंग मंच

नई दिल्ली । प्रसार भारती के डिजिटल स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म WAVES OTT ने नवंबर 2024 में लॉन्च होने के दो वर्ष से भी कम समय में 1 करोड़ (10 मिलियन) पंजीकृत उपयोगकर्ताओं का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया है।

यह उपलब्धि भारत के सार्वजनिक डिजिटल मीडिया पारिस्थितिकी तंत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम है और यह दर्शाती है कि देश और दुनिया भर के दर्शक भरोसेमंद, समावेशी और विविधतापूर्ण सामग्री प्रदान करने वाले स्वदेशी डिजिटल प्लेटफॉर्मों को तेजी से अपना रहे हैं।

वर्तमान में WAVES OTT पर मनोरंजन, समाचार, शिक्षा, संस्कृति, अध्यात्म और लोकसेवा जैसी विभिन्न श्रेणियों में 24,000 से अधिक कंटेंट शीर्षक तथा 15,000 घंटे से अधिक सामग्री उपलब्ध है। यह मंच 140 से अधिक लाइव टीवी चैनल, 200 से अधिक रेडियो सेवाएं, लाइव इवेंट स्ट्रीमिंग, पीएम ई-विद्या चैनलों के माध्यम से शैक्षिक सामग्री, योजना, कुरुक्षेत्र और रोजगार समाचार के डिजिटल संस्करण, प्रमुख मंदिरों के भक्तिमय लाइव प्रसारण तथा प्रसार भारती के हजारों घंटे के अभिलेखीय (आर्काइव) कंटेंट की सुविधा प्रदान करता है।

मोबाइल, वेब और कनेक्टेड टीवी उपकरणों पर उपलब्ध WAVES OTT अब 130 से अधिक देशों में दर्शकों तक पहुंच बना चुका है। यह मंच अनेक भारतीय भाषाओं में सामग्री उपलब्ध कराता है और सार्वजनिक हित तथा मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों तक निःशुल्क पहुंच प्रदान करता है।

इस उपलब्धि पर प्रसार भारती ने कहा कि यह डिजिटल युग में सार्वजनिक सेवा मीडिया की बढ़ती प्रासंगिकता को दर्शाती है और टेलीविजन, रेडियो, ऑन-डिमांड कंटेंट, शिक्षा, संस्कृति तथा विरासत को एक ही मंच पर उपलब्ध कराने की परिकल्पना को सफल साबित करती है।

प्लेटफॉर्म ने अपनी सामग्री के निरंतर विस्तार, रणनीतिक डिजिटल साझेदारियों, विभिन्न उपकरणों पर उपलब्धता बढ़ाने तथा उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाने के माध्यम से लगातार विकास दर्ज किया है। हाल ही में जोड़ी गई सुविधाओं, जैसे भक्तिमय लाइव स्ट्रीम, शैक्षिक सामग्री, डिजिटल प्रकाशन, अभिलेखीय संग्रह और लाइव इवेंट कवरेज ने दर्शकों की सहभागिता को और मजबूत किया है।

1 करोड़ से अधिक पंजीकृत उपयोगकर्ताओं और 1.4 करोड़ से अधिक डाउनलोड्स के साथ WAVES OTT अब अपने विकास के अगले चरण पर केंद्रित है। इसके अंतर्गत कंटेंट साझेदारियों का विस्तार, विभिन्न उपकरणों और प्लेटफॉर्मों पर व्यापक वितरण, क्षेत्रीय एवं शैक्षिक सामग्री को सशक्त बनाना तथा मार्च 2027 तक 2 करोड़ पंजीकृत उपयोगकर्ताओं का लक्ष्य हासिल करना शामिल है।

यह उपलब्धि WAVES OTT को भारत के सबसे तेजी से विकसित हो रहे सार्वजनिक सेवा स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करती है और इसे भारत की संस्कृति, ज्ञान, विरासत तथा रचनात्मकता के डिजिटल प्रदर्शन मंच के रूप में और अधिक मजबूत बनाती है।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *