कमालगंज /फर्रुखाबाद/
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच जिला प्रशासन ने आमजन को राहत देने के लिए सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर विकास खंड कमालगंज परिसर में बुधवार को निःशुल्क प्याऊ का शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था के जरिए राहगीरों, ग्रामीणों और ब्लॉक परिसर में आने वाले नागरिकों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
प्याऊ का उद्घाटन जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी तथा खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्र ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि भीषण गर्मी में आम लोगों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है और जिले के विभिन्न स्थानों पर भी इसी प्रकार की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
जिला विकास अधिकारी एस.के. तिवारी ने कहा कि प्रशासन जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लगातार कार्य कर रहा है, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से प्याऊ व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने में सहयोग करने की अपील की।
खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्र ने बताया कि विकास खंड परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक विभिन्न कार्यों से आते हैं। गर्मी को देखते हुए उनके लिए ठंडे और स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गई है तथा नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में विकास खंड के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
