रिपोर्ट सुधीर सिंह |
कायमगंज/
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कायमगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने की।
बैठक में नगर के व्यापारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बकरीद का त्योहार प्रेम और सौहार्द का प्रतीक है, इसलिए सभी लोग मिलजुल कर त्योहार मनाएं।
उन्होंने विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि बकरीद की नमाज सड़क पर अदा न कर मस्जिद परिसर में ही अदा की जाए, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही।
बैठक में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री एवं नगर अध्यक्ष अमित सेठ, उद्योग व्यापार संगठन के जिला अध्यक्ष सुवोध गुप्ता मंशाराम, युवा प्रदेश मंत्री अतुल गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष अमित पालीवाल, अमित गुप्ता, विनीत सक्सेना, जिला महामंत्री अनुराग कौशल, हिमांशु शर्मा, मनीष अरोड़ा, श्यामू गुप्ता एवं अखिल तिवारी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
