फर्रुखाबाद।
शहर के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल परिसर स्थित कैंटीन में खाना लेने को लेकर हुए विवाद ने अचानक तूल पकड़ लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक और कैंटीन कर्मचारी के बीच जमकर मारपीट हो गई, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान वहां मौजूद मरीजों के तीमारदारों और अन्य लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में एक सामाजिक संस्था द्वारा मरीजों के परिजनों और जरूरतमंद लोगों के लिए मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाता है। कम कीमत होने के कारण भोजन वितरण के समय कैंटीन पर अक्सर भारी भीड़ रहती है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार को एक युवक खाना लेने पहुंचा था। इसी दौरान लाइन में लगने को लेकर कैंटीन कर्मचारी से उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
अस्पताल के बाहर रेहड़ी लगाने वाले मुकेश दुबे ने आरोप लगाया कि गरीबों के लिए संचालित इस कैंटीन में कर्मचारियों का व्यवहार अक्सर ठीक नहीं रहता। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा लोगों से अभद्रता की जाती है और विरोध करने पर मारपीट की नौबत आ जाती है।
वहीं कैंटीन कर्मचारी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उसने युवक से केवल लाइन में लगकर खाना लेने की बात कही थी। आरोप है कि इस बात पर युवक भड़क गया और खुद को “शाक्य का आदमी” बताते हुए दबाव बनाने लगा। कर्मचारी का कहना है कि युवक ने उसे धमकी भी दी और अस्पताल के बाहर देख लेने की बात कही।
घटना के बाद काफी देर तक अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत किए जाने की जानकारी नहीं मिली है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।
