सीबीएसई 12वीं में फर्रुखाबाद का दबदबा: शुभ रस्तोगी बने जिला टॉपर, सफलता का लहराया परचम |

3 Min Read

फर्रुखाबाद।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में इस बार फर्रुखाबाद के मेधावी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। रिजल्ट जारी होते ही छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में खुशी की लहर दौड़ गई। कई विद्यालयों में मिठाई बांटकर सफल विद्यार्थियों का स्वागत किया गया।

जिले की मेरिट सूची में सीपी इंटरनेशनल School के छात्र शुभ रस्तोगी ने 98.4 प्रतिशत अंक हासिल कर जनपद में पहला स्थान प्राप्त किया। शुभ की इस उपलब्धि से परिवार और विद्यालय में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों ने उनकी सफलता को मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम बताया।

वहीं आर्मी स्कूल की छात्रा आध्या यादव ने 97.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। आध्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। उन्होंने बताया कि उनका सपना आईपीएस अधिकारी बनकर देश सेवा करना है। आध्या ने कहा कि उन्हें खाकी वर्दी पहनने की प्रेरणा अपने नाना से मिली।

फतेहगढ़ के मोहल्ला रखा निवासी सपा नेता एवं व्यापारी विजय यादव की पुत्री आध्या की माता रिचा यादव राजेपुर जीजीआईसी में प्रधानाध्यापक हैं। आध्या ने बताया कि वह पूर्व आईपीएस अधिकारी Kiran Bedi को अपना आदर्श मानती हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। वह स्कूल की बास्केटबॉल टीम की कप्तान रह चुकी हैं और कई स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान वह रोजाना 7 से 8 घंटे पढ़ाई करती थीं और समय से पहले कोर्स पूरा कर नियमित रिवीजन करती थीं।

राजपूताना पब्लिक स्कूल के छात्र कनिष्क चौहान ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। स्कूल प्रबंधन के अनुसार इस वर्ष विद्यालय के 98 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा।

इसके अलावा रोजी पब्लिक स्कूल की छात्रा प्रिया सिंह ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। स्कूल के नौ विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर बेहतरीन सफलता दर्ज की।

सीबीएसई परीक्षा परिणाम में जिले के छात्रों के शानदार प्रदर्शन से अभिभावकों में खुशी का माहौल है। स्कूलों में सफल विद्यार्थियों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया और मिठाई बांटकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया गया। शिक्षकों का कहना है कि यह सफलता आने वाले छात्रों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *