सी.पी. विद्या निकेतन में गूँजा माँ का गौरव, मेधावी छात्रों की माताएँ सम्मानित |

3 Min Read

रिपोर्ट सुधीर सिंह |

कायमगंज।

नगर के सी.पी. विद्या निकेतन स्कूल में मातृ दिवस के अवसर पर एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मातृत्व की महत्ता, संस्कारों की भूमिका और परिवार के प्रति जिम्मेदारियों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं और विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रीता गंगवार रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मां ही बच्चे की पहली गुरु होती है और उसके दिए गए संस्कार ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। उन्होंने कहा कि मां का योगदान समाज निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण होता है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य दीपक जैन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मातृशक्ति के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

विशिष्ट अतिथि सरस्वती वर्मा ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मां का प्रेम, त्याग और समर्पण जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता का सम्मान करने और उनके आदर्शों पर चलने की अपील की।

विद्यालय की निदेशिका डॉ. मिथलेश अग्रवाल ने कहा कि मातृ दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि मां के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने और परिवार के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय द्वारा उन माताओं को भी सम्मानित किया गया, जिनके बच्चे विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल कर रहे हैं। इनमें सुबूर खान (IAS), अभिषेक यादव (IPS), मनु अग्निहोत्री (एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट, HSBC बैंक), आयुषी अग्रवाल (चार्टर्ड अकाउंटेंट) एवं मुस्कान गंगवार (सब-इंस्पेक्टर, यूपी पुलिस) की माताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य आर.के. बाजपेयी ने अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में बच्चों की केवल शैक्षिक सफलता ही नहीं, बल्कि उनका मानसिक, शारीरिक और नैतिक विकास भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यालय में चल रही शैक्षिक गतिविधियों और अनुशासन व्यवस्था की जानकारी भी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बच्चों ने गीत, कविता और नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं। अभिभावकों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पूरे आयोजन ने मातृत्व सम्मान, पारिवारिक मूल्यों और शिक्षा के महत्व का प्रेरणादायक संदेश दिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *