फर्रुखाबाद।
उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को फर्रुखाबाद दौरे के दौरान परिवहन व्यवस्था को लेकर बड़ा संदेश दिया। राजपूताना होटल में पत्रकारों से बातचीत के बाद उन्होंने रोडवेज बस अड्डे का औचक निरीक्षण किया, जहां बसों की खराब स्थिति और अव्यवस्थाओं को देखकर अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बस अड्डे पर गंदगी, पेयजल व्यवस्था की खराब हालत और यात्रियों की समस्याओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। बसों की कमी की शिकायत मिलने पर मंत्री ने मौके से ही निगम के वरिष्ठ अधिकारी को फोन कर फटकार लगाई।
उन्होंने दो टूक कहा कि अधिकारी सरकार को गुमराह करना बंद करें। यदि किसी जिले में बसों की जरूरत है तो उसे तुरंत पूरा किया जाए। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई अधिकारी खटारा और जर्जर बसों का संचालन कराते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फर्रुखाबाद को मिलेगी ई-बस और डबल डेकर बसों की सौगात
परिवहन मंत्री ने जिले के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही फर्रुखाबाद में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने दुनिया की बड़ी कंपनी के साथ समझौता किया है, जिसकी लखनऊ स्थित फैक्ट्री हर साल लगभग 5000 बसें तैयार करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोडवेज बसों की संख्या 8,500 से बढ़कर 15 हजार से अधिक हो चुकी है और दूसरे चरण में यूपी के सभी 75 जिलों में ई-बसें चलाई जाएंगी। फर्रुखाबाद में चार्जिंग स्टेशन भी तैयार हो चुका है। साथ ही यहां 66 सीटर डबल डेकर बसें चलाने की भी योजना है।
एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं वाले बस अड्डे
दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रदेश के 30 बस अड्डों को एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। लखनऊ में करीब 1000 करोड़ रुपये की लागत से तीन आधुनिक बस अड्डे बनाए जा रहे हैं, जहां यात्रियों को होटल जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
अयोध्या, मथुरा और काशी के लिए बस सेवा
मंत्री ने कहा कि फर्रुखाबाद से जल्द ही अयोध्या, मथुरा और काशी के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की जाएंगी। अयोध्या के लिए विशेष बस संचालन की तैयारी की जा रही है।
‘महाराणा प्रताप बस स्टैंड’ नामकरण की मांग
दौरे के दौरान अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने रोडवेज बस स्टैंड का नाम ‘महाराणा प्रताप बस स्टैंड’ किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मंत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया पर काम शुरू हो चुका है और जल्द निर्णय लिया जाएगा।
निरीक्षण से पहले मंत्री ने बस स्टेशन परिसर में स्थापित महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान कायमगंज विधायक डॉ. सुरभि समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
राजनीतिक सवालों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी और पश्चिम बंगाल को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि “हरियाणा और दिल्ली के बाद अब मोदी का रथ बंगाल पहुंच चुका है।”
परिवहन मंत्री के इस दौरे के बाद जिले में बेहतर परिवहन सुविधाओं को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं।

Wo kabhi nhi hone wali daggamaar bus band nhi hone wali