वीरता को नमन: पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण; शौर्य गाथाओं से गूंजा परिसर।

3 Min Read

फर्रुखाबाद |

वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को फर्रुखाबाद में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने रोडवेज बस स्टेशन परिसर पहुंचकर महाराणा प्रताप की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक थे। उनका संघर्षमय जीवन आज भी युवाओं और समाज को देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ऐतिहासिक महापुरुषों के सम्मान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के बाद कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक शुरू होने से पहले विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत लाभार्थियों को सहायता सामग्री और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कृषि विभाग की ओर से एक किसान को ट्रैक्टर और दूसरे किसान को रोटावेटर दिया गया। उद्योग विभाग ने 10 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों को 51.90 लाख रुपये के चेक सौंपे गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत दो लोगों को स्वीकृति पत्र दिए गए।

इसके अलावा दिव्यांग कल्याण विभाग ने दो लाभार्थियों को हियरिंग मशीन उपलब्ध कराई, जबकि श्रम विभाग की मातृत्व एवं शिशु हितलाभ योजना के तहत दो महिलाओं को 31-31 हजार रुपये के चेक दिए गए। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच कराने और नलकूपों की बोरिंग की गहराई की जांच सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री ने एनएचएआई की बेवर-फर्रुखाबाद सड़क परियोजना में हो रही देरी पर भी नाराजगी जाहिर की और अधूरे कार्य जल्द पूरे कराने के निर्देश दिए। वहीं मडैयन घाट पुल के पहुंच मार्ग के लिए बाईपास सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

कार्यक्रम में फर्रुखाबाद सांसद, अमृतपुर, भोजपुर और कायमगंज के विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *