लोहिया महिला अस्पताल में हडकंप: आयरन सुक्रोज चढ़ते ही बिगड़ी तीन प्रसुताओं की तबियत |

2 Min Read

फर्रुखाबाद/

लोहिया महिला अस्पताल में बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब खून की कमी से जूझ रही तीन प्रसूताओं को आयरन सुक्रोज चढ़ाने के दौरान अचानक रिएक्शन हो गया। ड्रिप शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद प्रसूताओं को तेज सर्दी लगने लगी और घबराहट महसूस होने लगी, जिससे वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन घबरा गए और तत्काल अस्पताल स्टाफ को सूचना दी।

जानकारी के मुताबिक, प्रसव के दौरान और बाद में अत्यधिक खून की कमी होने के कारण डॉक्टरों ने तीनों महिलाओं को आयरन सुक्रोज लगाने का निर्णय लिया था। ड्रिप चढ़ने के कुछ देर बाद ही उनकी हालत बिगड़ने लगी।

इन प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी:

आफरीन निवासी सोता बहादुरपुर – मंगलवार को भर्ती हुई थीं और बुधवार को प्रसव हुआ। जांच में उनका हीमोग्लोबिन 7 ग्राम पाया गया था।

रागिनी निवासी रायपुर, कायमगंज – बुधवार को भर्ती हुईं और उसी रात बच्चे को जन्म दिया। उनका हीमोग्लोबिन 8 ग्राम था।

स्वाति निवासी सायपुर नगरिया, जनपद कासगंज – बुधवार को भर्ती हुईं। उनका हीमोग्लोबिन केवल 4.9 ग्राम था, जिसके चलते उन्हें आयरन सुक्रोज दिया जा रहा था।

मरीजों की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. धीर सिंह तुरंत वार्ड पहुंचे और तीनों प्रसूताओं की जांच की। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि स्थिति नियंत्रण में है।

सीएमएस डॉ. धीर सिंह ने बताया कि आयरन सुक्रोज चढ़ाने के दौरान हल्का रिएक्शन हुआ था, जिसके बाद तुरंत ड्रिप बंद कर दी गई। प्राथमिक उपचार देने के बाद अब तीनों प्रसूताओं की हालत सामान्य बताई जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *