फर्रुखाबाद।
जनपद में बुजुर्गों की देखभाल व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने गुरुवार को मोहम्मदाबाद क्षेत्र के सिरौली स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने आश्रम में रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
डीएम ने वृद्धाश्रम की भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की गहन जांच की। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता देखी, वहीं कमरों और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था भी परखी। इसके साथ ही बुजुर्गों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और आश्रम संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वृद्धजनों की देखभाल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी बुजुर्गों को समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए और आश्रम परिसर की साफ-सफाई बेहतर रखी जाए।
डीएम ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संकेत दिए कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे ताकि वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाएं दुरुस्त बनी रहें।
