मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में एडिशनल सीएमओ का औचक निरीक्षण: जांच की कमी पर सख्त |

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले काएडिशनल सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में दवा लेने आए मरीजों से बातचीत कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएमओ ने जब पीने के पानी की व्यवस्था को परखा, तो पाया कि टोटी से पानी नहीं आ रहा है। इस संबंध में पूछने पर डॉक्टर गौरव वर्मा ने बताया कि काफी समय से समरसेबल खराब होने के कारण पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने जल्द ही सीएमओ कार्यालय को पत्र भेजकर समस्या के समाधान की बात कही। इस पर डिप्टी सीएमओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही समस्या का संज्ञान लेकर अस्पताल में पीने के पानी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मौजूद पत्रकारों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सीबीसी जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। बताया गया कि अमृतपुर पीएचसी पर मरीजों की संख्या काफी अधिक है, लेकिन यहां खून की जांच की सुविधा न होने के कारण मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ता है, जहां उन्हें 200 से 250 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं।

गंगा पार बाढ़ प्रभावित क्षेत्र होने के कारण यहां के अधिकतर किसान, मजदूर और जरूरतमंद लोग सरकारी अस्पताल पर ही निर्भर हैं। ऐसे में निजी लैब में जांच कराना उनके लिए आर्थिक रूप से बोझ साबित हो रहा है।

एडिशनल सीएमओ डॉ. रंजन गौतम ने जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमृतपुर में जल्द ही सीबीसी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे क्षेत्रीय मरीजों को राहत मिल सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *