बहन ने प्रेमी संग मिलकर की सगे भाई की हत्या, 10 साल के भांजे ने खोला राज |

4 Min Read

फर्रुखाबाद/

फर्रुखाबाद के करथिया गांव निवासी 25 वर्षीय करन मिश्रा अपनी बहन पूजा दुबे को उसके ससुराल (मैनपुरी के कुसमरा गांव) छोड़ने गया था। रात अधिक हो जाने के कारण करन वहीं रुक गया। रात करीब 12 बजे पूजा का प्रेमी जितेंद्र उर्फ जीतू (38 वर्ष) चुपके से उससे मिलने घर पहुंचा। इसी बीच करन की आंख खुल गई और उसने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जब करन ने इसका कड़ा विरोध किया, तो दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान पूजा ने अपने प्रेमी का साथ दिया और उसी के कहने पर जितेंद्र ने करन के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को ठिकाने लगाया और रची गुमशुदगी की कहानी

हत्या के बाद जितेंद्र ने अपने भाई जूली को मौके पर बुलाया। दोनों भाई करन के खून से लथपथ शव को बाइक पर लादकर घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर नदी किनारे जंगल (धर्मगदपुर गांव) में फेंक आए।

वारदात को छिपाने के लिए पूजा ने अपने 10 साल के बेटे रितिक को मुंह बंद रखने की धमकी दी। अगली सुबह जब नानी के घर से फोन आया, तो पूजा ने झूठ बोल दिया कि करन रात में ही घर के लिए निकल चुका था। इसके बाद वह अपने प्रेमी जितेंद्र के साथ किशनी थाने पहुंची और पुलिस को गुमराह करने के लिए भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने का नाटक किया।

मासूम भांजे ने खोला राज, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जब पूजा और जितेंद्र थाने गए हुए थे और दोपहर तक नहीं लौटे, तो पड़ोसियों ने घर में अकेले 10 वर्षीय रितिक से पूछताछ की। मासूम बच्चे ने पड़ोसियों को रात की पूरी खौफनाक सच्चाई बता दी। पड़ोसियों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

किशनी थाना पुलिस, जो उस वक्त पूजा से गुमशुदगी की शिकायत ले रही थी, सूचना मिलते ही हरकत में आ गई। पुलिस ने तुरंत पूजा और उसके प्रेमी जितेंद्र को थाने में ही हिरासत में ले लिया। उनकी निशानदेही पर बुधवार शाम को पुलिस ने जंगल से करन का शव भी बरामद कर लिया।

पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था मृतक मृतक के बड़े भाई मोहित के अनुसार, करन अविवाहित था और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। हाल ही में उसने दरोगा भर्ती की परीक्षा भी दी थी और उसे इस बार अपने चयन की पूरी उम्मीद थी। वहीं, आरोपी बहन पूजा की शादी 15 साल पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। उसका पति पुणे की एक आईटी कंपनी में काम करता है। बताया जा रहा है कि पूजा का पिछले 5 साल से जितेंद्र के साथ अफेयर चल रहा था, जो खुद भी शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है।

पुलिस का बयान इस मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया, अवैध संबंधों के चलते करन की गोली मारकर हत्या की गई है। इस मामले में बड़ी बहन पूजा, उसके प्रेमी जितेंद्र और शव को ठिकाने लगाने में मदद करने वाले जितेंद्र के भाई जूली को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों आरोपियों से आगे की पूछताछ की जा रही है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *