विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर डीएम और एसएसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

संवेदनशील बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

जनरल फोर्स ब्यूरो

एटा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एम. अरुन्मोली तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन ने मंगलवार को थाना मलावन क्षेत्र के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 104-सदर एटा के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जूनियर हाईस्कूल मलावन, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सौंहार, श्रीकृष्ण विद्यामंदिर इंटर कॉलेज सौंहार तथा प्राथमिक विद्यालय कुंवरपुर नगरिया स्थित कुल 11 बूथों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, रैंप, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा आवागमन के रास्तों की स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

श्रीकृष्ण विद्यामंदिर इंटर कॉलेज सौंहार में निरीक्षण के दौरान कमरों की खिड़कियों पर आवश्यकतानुसार जाली लगवाने के निर्देश दिए गए। वहीं संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने, पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में जेंडर रेशियो सुधारने पर विशेष जोर देते हुए महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र युवाओं और मतदाता सूची से छूटे नागरिकों के नाम शामिल कराने तथा नाम-पते में त्रुटियों को ठीक कराने के लिए भी अभियान चलाने को कहा।

अधिकारियों ने निर्देशित किया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाओं का पूर्व सत्यापन कर कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर किया जाए। साथ ही मतदान के दिन कतार प्रबंधन, मतदाताओं के आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।

इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा डालने, मतदाताओं पर दबाव बनाने या प्रलोभन देने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर तहसीलदार सदर गरिमा सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *