पात्र नागरिकों का मतदाता सूची में शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए : जिलाधिकारी |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
7 Min Read

फर्रुखाबाद |

जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों के प्रकाशन के संबंध में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। इसके अंतर्गत आज दिनांक 17 नवम्बर 2026 को आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया गया है। प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों में यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सम्मिलित होने से छूट गया है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित अवधि में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर आवश्यक संशोधन कराया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर 2026 से 16 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसम्बर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।

जनपद में मतदेय स्थलों एवं मतदाताओं का विवरण

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,605 मतदेय स्थल हैं। आलेख्य निर्वाचक नामावलियों के अनुसार जनपद में कुल 11,87,068 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 6,55,725 पुरुष, 5,31,320 महिला एवं 23 अन्य मतदाता शामिल हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार विवरण निम्नवत है—

1. विधानसभा क्षेत्र 192-कायमगंज (अ०जा०) में 470 मतदेय स्थल एवं कुल 3,51,612 मतदाता हैं।

2. विधानसभा क्षेत्र 193-अमृतपुर में 372 मतदेय स्थल एवं कुल 2,68,969 मतदाता हैं।

3. विधानसभा क्षेत्र 194-फर्रुखाबाद में 390 मतदेय स्थल एवं कुल 2,82,683 मतदाता हैं।

4. विधानसभा क्षेत्र 195-भोजपुर में 373 मतदेय स्थल एवं कुल 2,83,804 मतदाता हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी पात्र युवाओं का फार्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए। ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम भारत की किसी भी विधानसभा की निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं है, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करा सकते हैं। इसके लिए आवेदक का नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, वर्तमान एवं सक्रिय मोबाइल नंबर, पूर्ण पता तथा अन्य आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराना होगा।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष अभियान की तिथियां 21 नवम्बर (शनिवार), 22 नवम्बर (रविवार), 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार) निर्धारित की गई हैं। इन विशेष अभियान दिवसों में प्रत्येक पदाभिहित स्थल अर्थात मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। आलेख्य मतदाता सूची तथा पर्याप्त संख्या में फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 बूथ लेवल अधिकारियों के पास उपलब्ध रहेंगे।

मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील

जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि उनके द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट विशेष अभियान दिवसों में निर्धारित तिथियों पर संबंधित बूथों पर उपस्थित रहकर बूथ लेवल अधिकारियों को सहयोग प्रदान करें, जिससे पात्र मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने तथा अपात्र एवं त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने बूथ लेवल एजेंटों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को भी उपलब्ध कराने को कहा।

उन्होंने निर्देश दिए कि आयोग के निर्देशानुसार शहरी निकायों की मतदाता सूची तथा पंचायत मतदाता सूची से मिलान कर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। शहरी क्षेत्रों में सभासदों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों का आवश्यक सहयोग प्राप्त किया जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों के पंजीकृत लाभार्थियों में 18 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे पात्र व्यक्तियों, जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को चिह्नित कर फार्म-6 के माध्यम से उनका पंजीकरण कराया जाए।

इसी प्रकार उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम में महिला स्वयं सहायता समूहों की ऐसी पात्र सदस्याओं, जिनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित होने से छूट गया है, का फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए।

महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत कार्यरत आशा एवं एएनएम के माध्यम से भी पात्र महिलाओं को चिह्नित कर उनका शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावली में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सम्मिलित होना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी, कर्मचारी, बीएलओ तथा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि आपसी समन्वय एवं सहयोग से कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।

बैठक में श्री सुभाष चंद्र शाक्य जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, श्री आयुष गुप्ता विधानसभा अध्यक्ष अपना दल एस श्री राम रतन गौतम प्रभारी बहुजन समाज पार्टी, श्री अचल प्रताप सिंह जिला अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ आम आदमी पार्टी, सुश्री शकुंतला जिला अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी, श्री सुनील कटियार जिला जिला मंत्री सीपीआईएम, श्री नागेन्द्र पाल सिंह जाटव जिला अध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी, श्री विकास पांडे जिला संयोजक भारतीय जनता पार्टी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचन विभाग के कर्मचारी एवं मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *