फर्रुखाबाद:
दहेज लोभियों द्वारा नवविवाहिता शिवानी उर्फ नेहा को मारकर फांसी पर लटकाए जाने से सनसनी फैल गई। 28 वर्षीय शिवानी थाना अमृतपुर के ग्राम भुवनपुर हरिहरपुर निवासी अभय ठाकुर की पत्नी तथा कोतवाली फर्रुखाबाद क्षेत्र के आईटीआई पूर्वी गेट निवासी नाहर सिंह की पुत्री थी। मृतका के भाई पंकज कुमार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए अमृतपुर थाना अध्यक्ष को तहरीर दी है।घटना के मुताबिक, शिवानी का विवाह पांच माह पूर्व स्वर्गीय राजकुमार सिंह के पुत्र अभय सिंह से हुआ था। ससुराल जाने के बाद शिवानी के पति के अलावा उसके भाई शिवम, रजत, बहन बबली और सास मीरा देवी अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने सोने की लर, मोटरसाइकिल और पांच लाख रुपये की मांग की।इसकी जानकारी मिलने पर पंकज अपने मामा अनूप सिंह और दोस्त रिंकू के साथ बहन की ससुराल गए और ससुराल वालों को शिवानी को प्रताड़ित न करने के लिए कहा। लेकिन इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ और शिवानी को प्रताड़ित किया जाता रहा। दहेज न मिलने पर शिवानी को मार डालने की धमकी भी दी गई।पंकज ने आरोप लगाया कि रात में सूचना मिली कि उपरोक्त लोगों ने उसकी बहन शिवानी की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया है। सुबह सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो शिवानी को फांसी से उतार लिया गया था। पंकज का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज न मिलने के कारण उसकी बहन की हत्या की गई है। थाना पुलिस ने शिवानी के शव का पोस्टमार्टम कराया है।

