दिनेश कुमार गुप्ता को ‘संपादन प्रवीण’ की मानद उपाधि
उत्कृष्ट संपादन एवं शोध लेखन के लिए मिला केसर देवी जानी स्मृति सम्मान
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। जनपद एटा के मूल निवासी एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश की हिंदी मासिक पत्रिका ‘उत्तर प्रदेश’ के प्रभारी संपादक दिनेश कुमार गुप्ता को उत्कृष्ट संपादन, शोध लेखन एवं साहित्यिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘संपादन प्रवीण’ की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। उन्हें श्रीमती केसर देवी जानी स्मृति सम्मान भी प्रदान किया गया।
राजस्थान के श्रीनाथद्वारा में राष्ट्रभाषा हिंदी की उन्नति के लिए वर्ष 1937 में स्थापित प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘साहित्य मंडल, श्रीनाथद्वारा’ की ओर से 12 से 14 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय ‘हिंदी लाओ-देश बचाओ’ राष्ट्रीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह के अंतर्गत आयोजित वार्षिक अलंकरण सम्मान समारोह में देशभर के साहित्यकारों एवं साहित्यिक संपादकों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश की हिंदी मासिक पत्रिका ‘उत्तर प्रदेश’ के प्रभारी संपादक दिनेश कुमार गुप्ता को उनके उत्कृष्ट संपादन, शोधपरक लेखन तथा साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए ‘संपादन प्रवीण’ की मानद उपाधि प्रदान की गई। समारोह में गीतांजलि विश्वविद्यालय, उदयपुर के कुलपति डॉ. राकेश व्यास ने उन्हें सम्मानित किया।
दिनेश कुमार गुप्ता को सम्मान मिलने पर सूचना निदेशक विशाल सिंह, अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्रा सहित विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

