अमृतपुर/फर्रुखाबाद |
पिथनापुर गांव में रविवार को उस समय ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे, जब जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने ग्राम सचिवालय परिसर में नवनिर्मित पुस्तकालय का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। डीएम ने पुस्तकालय का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध पुस्तकों और ग्रामीणों के लिए की गई सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक ग्राम सचिवालय में पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध हो, जिससे गांव के लोगों, युवाओं और विद्यार्थियों को पढ़ने के लिए बेहतर माहौल मिल सके। पुस्तकालय में इतिहास, महाभारत, रामायण, आल्हा सहित विभिन्न कविताओं और साहित्य से जुड़ी पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री भी रखी गई है, ताकि ग्रामीण योजनाओं की जानकारी हासिल कर उनका लाभ उठा सकें।
गर्मी हो या बिजली की दिक्कत, पढ़ाई में नहीं आएगी बाधा
ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुस्तकालय में इनवर्टर, लाइट और ठंडे पानी की व्यवस्था भी की गई है। डीएम ने कहा कि पुस्तकालय केवल किताबें रखने की जगह न रहे, बल्कि ग्रामीणों के लिए ज्ञान और जागरूकता का केंद्र बने।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं
जिलाधिकारी ने पंचायत सहायक को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लिए अनावश्यक रूप से इधर-उधर न भटकना पड़े। ग्राम सचिवालय से ही फार्मर रजिस्ट्री, वृद्धावस्था पेंशन, परिवार रजिस्टर की नकल, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना समेत अन्य सेवाओं के आवेदन में ग्रामीणों की मदद की जाए।
उद्घाटन के दौरान ग्राम प्रधान अभय राजपूत, पूर्व प्रधान राम प्रकाश राजपूत, एडीओ पंचायत अजीत पाठक, पंचायत सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। एडीओ पंचायत अजीत पाठक ने बताया कि क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में इसी तरह के पुस्तकालय खोले जा चुके हैं।

