फर्रुखाबाद |
भारत विकास परिषद महीयसी महादेवी शाखा द्वारा बजिरया रोड स्थित आल सेंट्स पब्लिक स्कूल में प्रातःकालीन सत्र में भव्य ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान शाखा के दायित्वधारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु विद्यालय प्रबंधक श्री पीयूष दुबे एवं प्रधानाचार्य श्रीमती तमन्ना दुबे को उत्तरीय ओढ़ाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
इसके पश्चात आयोजित ‘भारत को जानो’ सामान्य ज्ञान परीक्षा में प्रतिभा दिखाने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अनुराग यादव एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अभि कुशवाहा को प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।
प्रांतीय स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा ‘
भारत को जानो’ प्रतियोगिता में विजयी रहे अनुराग यादव और अभि कुशवाहा अब परिषद की प्रांतीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रांतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर यह टीम लखनऊ में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता तथा इसके बाद नोएडा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष राजीव पुरवार, सचिव राजवेंद्र सक्सेना, संस्कार संयोजक प्रभाष चंद्र दीक्षित एवं प्रीति रायजादा उपस्थित रहे। विद्यालय के समस्त शिक्षकों व कर्मचारियों के पूर्ण सहयोग से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रांत के महासचिव आलोक रायजादा द्वारा किया गया।

