धान, मक्का एवं बाजरा खरीद की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा । जिलाधिकारी अरविन्द सिंह की अध्यक्षता में धान, मक्का एवं बाजरा की आगामी खरीद के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से खरीद की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों से धान, मक्का एवं बाजरा की खरीद शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप ही सुनिश्चित की जाए। खरीद प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा किसानों को असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का निर्धारित मूल्य समय से उपलब्ध कराया जाए तथा क्रय केन्द्रों पर पूरी पारदर्शिता के साथ खरीद प्रक्रिया संचालित की जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी क्रय केन्द्रों पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे, नमी मापक यंत्र सहित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध रहे, जिससे किसानों की उपज की खरीद में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। क्रय केन्द्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य एवं सुगम खरीद व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व चन्द्र प्रकाश पाठक, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संगम लाल, क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी सुभाष चंद्र, जिला खाद्य विपणन निरीक्षक, जिला प्रबंधक पीसीएफ, पीसीयू एडीसीओ कोऑपरेटिव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

