अमरोहा में वारंट तामील कराने गई पुलिस पर हमला:आरोपी ने कुल्हाड़ी से दरोगा को घायल किया, वर्दी भी फाड़ी मुकदमा दर्ज
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा में वारंट तामील कराने एक आरोपी के घर पहुंची पुलिस को मुश्किल का सामना करना पड़ा। आरोप है कि वारंट से बचने के लिए आरोपी ने पुलिसकर्मियों से बदतमीजी की और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में एक दरोगा घायल हो गए और उनकी वर्दी भी फट गई। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना थाना रहरा क्षेत्र के गांव गंगवार की है। तहरीर के मुताबिक, थाना हसनपुर में तैनात दरोगा जुगल किशोर 11 सितंबर को अपने साथ गए कांस्टेबल और पीआरडी जवान के साथ गांव गंगवार पहुंचे थे। वे अमरोहा की अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-03 से जारी गैर जमानती वारंट देने गए थे। यह वारंट साल 2015 से जुड़े एक मामले में आरोपी अताउल्ला के खिलाफ जारी हुआ था।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी अताउल्ला कथित तौर पर एक कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। पुलिस ने उसे दरवाजा खोलने के लिए कहा। कुछ देर बाद उसने दरवाजा खोला।
आरोप है कि दरवाजा खोलते ही अताउल्ला ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कुल्हाड़ी से दरोगा के सिर पर हमला कर दिया। दरोगा ने पीछे हटकर खुद को बचाया, लेकिन अगला वार उनके पेट पर लगा। इससे उन्हें चोट आई और उनकी वर्दी भी फट गई।
तहरीर में यह भी आरोप है कि आरोपी ने सरकारी काम में रुकावट डाली। उसने अपने कपड़े उतारकर गाली-गलौज की और खुद को भी चोट पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान उसके बेटे सैफउल्ला पर भी पिता की मदद करने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस ने अताउल्ला और सैफउल्ला के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 352, 109(1), 121(2), 132, 221 और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

