कमालगंज /फर्रुखाबाद/
थाना क्षेत्र में एक महिला की जान लेने की कथित साजिश का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके प्रेमी और उसके मामा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोप है कि दोनों ने महिला को रिश्तेदार के घर ले जाने का झांसा देकर बाइक पर बैठाया और मड़ैयन घाट पुल के पास उसके साथ बदसलूकी करने के बाद दुपट्टे से गला कसकर नदी में फेंक दिया। महिला ने किसी तरह नदी किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार कायमगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज निवासी महिला सुमन पिछले कुछ समय से कंपिल क्षेत्र के अकबराबाद निवासी अजीत के साथ पांचाल घाट पर रह रही थी। महिला की तहरीर के मुताबिक बुधवार शाम अजीत अपने मामा रामू के साथ उसे हरदोई स्थित रिश्तेदार के घर ले जाने की बात कहकर बाइक से लेकर निकला था। आरोप है कि मड़ैयन घाट पुल के पास पहुंचने के बाद दोनों ने महिला के साथ अभद्रता की और दुपट्टे से उसका गला कस दिया। इसके बाद उसे नदी में फेंक दिया गया।
महिला ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह नदी से निकलकर किनारे पहुंच गई। इस दौरान उसकी जान बाल-बाल बची। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह पुलिस को मिली तो डायल-112 टीम के साथ कमालगंज थाना प्रभारी राम सहाय सिंह पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। महिला पुलिसकर्मी की मदद से पीड़िता को सुरक्षित थाने लाया गया। इसके बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर अजीत और उसके मामा रामू को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी राम सहाय सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। घटना के पीछे के कारणों और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

