राजेपुर/फर्रुखाबाद।
थाना राजेपुर क्षेत्र के डबरी पुल पर बुधवार को तेज रफ्तार और लापरवाही का खामियाजा पांच लोगों को भुगतना पड़ा। दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत से घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला सहित पांच लोग घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकें सड़क पर दूर तक घिसट गईं और सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार अमृतपुर क्षेत्र के मढ़ैया निवासी गोपाल पुत्र दीपचंद्र और मोनू पुत्र सैंपल मक्के की फसल का भुगतान लेने के लिए अल्लाहगंज जा रहे थे। वहीं दूसरी ओर हरदोई जनपद के सिमरिया निवासी अवधेश पुत्र उपदेशराम अपनी पत्नी रामश्री के साथ रिश्तेदारी में परतापुर जा रहे थे। डबरी पुल के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई और सभी सवार घायल हो गए।
सीएचसी राजेपुर में ड्यूटी पर तैनात डॉ. प्रमित राजपूत ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला समेत चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया, जबकि एक घायल का उपचार सीएचसी में किया गया।
हादसे के बाद कुछ देर तक डबरी पुल के पास यातायात भी प्रभावित रहा। ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही पर चिंता जताते हुए प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
सावधानी ही सुरक्षा है: सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें, यातायात नियमों का पालन करें और हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
